18 वर्षीय भारतीय शतरंज खिलाड़ी गुकेश डोमरराजू ने इतिहास रचते हुए सबसे कम उम्र में विश्व शतरंज चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।गुकेश डोमरराजू ने अपनी अडिग फोकस, रणनीति, और कुशलता के दम पर शतरंज के सर्वोच्च शिखर को छू लिया है। 12 दिसंबर 2024 को सिंगापुर में खेले गए फाइनल में उन्होंने चीन के डिंग लिरेन को हराकर यह बड़ी उपलब्धि हासिल की। यह जीत भारत के लिए खास है क्योंकि गुकेश ने 2013 में मैग्नस कार्लसन द्वारा छिनी गई विश्व चैंपियनशिप को वापस भारत के नाम किया।
सबसे कम उम्र में विश्व शतरंज चैंपियन बने भारत के गुकेश डी
सबसे कम उम्र में चैंपियन बनने का रिकॉर्ड
गुकेश ने 18 साल की उम्र में न सिर्फ विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया, बल्कि सबसे कम उम्र में यह खिताब जीतने का गैरी कास्परोव का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। गैरी कास्परोव ने 1985 में 22 साल की उम्र में यह खिताब जीता था।
मैच के बाद प्रेस को संबोधित करते हुए गुकेश ने कहा,
"जब 2013 का मैच देख रहा था, तब मैंने सोचा था कि एक दिन इस कांच के बॉक्स के अंदर होना कितना खास होगा। और फिर जब मैग्नस ने जीता, तो मैंने ठाना कि यह खिताब भारत वापस लाना है।"
Stunning emotions as Gukesh cries after winning the World Championship title! #DingGukesh pic.twitter.com/E53h0XOCV3
— chess24 (@chess24com) December 12, 2024
कौन हैं गुकेश डी?
गुकेश डी भारतीय शतरंज के नए सितारे हैं, जिन्होंने अपनी प्रतिभा और मेहनत से दुनिया भर में पहचान बनाई है। एक ईएनटी सर्जन पिता और माइक्रोबायोलॉजिस्ट मां के बेटे गुकेश की प्रतिभा उनके कोच भास्कर ने पहचानी। महज छह महीने में उन्होंने FIDE रेटिंग हासिल कर ली थी।
करियर की बड़ी उपलब्धियां
- दूसरे सबसे युवा ग्रैंडमास्टर: जनवरी 2019 में, 12 साल, 7 महीने और 17 दिन की उम्र में गुकेश ने ग्रैंडमास्टर का खिताब हासिल किया।
- 2700 एलो रेटिंग पार: 2022 में उन्होंने 2700 एलो रेटिंग का आंकड़ा पार किया, ऐसा करने वाले तीसरे सबसे युवा खिलाड़ी बने।
- 2750 एलो रेटिंग का रिकॉर्ड: सितंबर 2023 में उन्होंने यह मील का पत्थर छूते हुए विश्वनाथन आनंद को पीछे छोड़ दिया और भारत के शीर्ष रैंकिंग वाले खिलाड़ी बने।
कौन हैं डिंग लिरेन?
डिंग लिरेन 2023 में चीन के पहले पुरुष विश्व शतरंज चैंपियन बने। उन्होंने कजाकिस्तान में इयान नेपोमनियाची को हराकर यह खिताब जीता। डिंग अपने शांत और सटीक खेलने के तरीके के लिए मशहूर हैं।
32 वर्षीय डिंग चीन के झेजियांग प्रांत से हैं और उन्होंने पेकिंग यूनिवर्सिटी लॉ स्कूल से पढ़ाई की है। उनकी खासियत है छोटे फायदे से बड़े मौके बनाना। हालांकि, वर्तमान में उनकी रैंकिंग में गिरावट आई है, और वह 2728 की FIDE रेटिंग के साथ 23वें स्थान पर हैं।
भारत को गौरवान्वित करने वाली उपलब्धि
गुकेश डी की यह जीत न सिर्फ भारतीय शतरंज के लिए एक बड़ी उपलब्धि है, बल्कि युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा भी है। उनकी कहानी बताती है कि मेहनत और संकल्प से कुछ भी हासिल किया जा सकता है।