/hindi/media/media_files/2025/03/01/xBTQJS9VwTGur2ZvznvQ.png)
Photograph: (Pinterest)
Odisha Prison Wedding Groom Marries The Rape Accused: ओडिशा के गंजाम जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सभी को हैरान कर दिया। बलात्कार के आरोप में जेल में बंद एक युवक ने उसी लड़की से जेल परिसर में शादी कर ली, जिसने उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इस अनोखी शादी का आयोजन परिवार वालों, गणमान्य व्यक्तियों और जेल अधिकारियों की मौजूदगी में पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों से किया गया। इस घटना ने न सिर्फ जेल परिसर बल्कि पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया है।
जिस लड़की से रेप के केस में हुई जेल, आरोपी की उसी से जेल में हुई शादी
प्रेम कहानी जो जेल तक पहुंची
खबरों के अनुसार गंजाम जिले के गोछाबाड़ी निवासी 26 वर्षीय सूर्यकांत बेहरा पिछले साल नवंबर में बलात्कार के आरोप में जेल भेजा गया था। गिरफ्तारी से पहले वह गुजरात के सूरत में काम कर रहा था और वहीं से अपने गांव लौटने पर अपनी प्रेमिका के साथ गलतफहमियों के चलते विवाद में उलझ गया। पीड़िता ने उसके खिलाफ बलात्कार की शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।
गलतफहमी बनी शिकायत की वजह
दुल्हन के वकील पीके मिश्रा के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच कुछ गलतफहमियां थीं, जिन्होंने मामले को इतना बढ़ा दिया कि कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया। बाद में, दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से सुलह कर ली और विवाह के लिए तैयार हो गए। हालांकि सूर्यकांत अब भी विचाराधीन कैदी के तौर पर जेल में बंद है।
जेल परिसर में हुआ विवाह समारोह
कोडाला उप-जेल के जेलर तारिणीसेन देहुरी ने जानकारी दी कि सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करने और अनुमति प्राप्त करने के बाद विवाह संपन्न कराया गया। शादी समारोह पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुआ, जिसमें दूल्हा एक सजे हुए इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) में बैठकर मंडप तक पहुंचा। समारोह में दूल्हा-दुल्हन के परिवार के सदस्य और कई गणमान्य व्यक्ति भी शामिल हुए।
शादी के बाद फिर जेल
शादी होने के बाद आरोपी सूर्यकांत बेहरा को वापस जेल जाना पड़ा, लेकिन दुल्हन परिजनों के साथ अपने घर लौट गई। दूल्हे सूर्यकांत बेहरा के पिता भास्कर बेहरा ने उम्मीद जताई कि सूर्यकांत जल्द ही जेल से रिहा होगा और नवविवाहित जोड़ा एक खुशहाल जीवन बिताएगा।