Smart Bluetooth Jeans: दो छात्राओं ने बनाई महिला सुरक्षा से जुड़ी जींस

सुरक्षा | न्यूज़: आज भी महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। आए-दिन मीडिया में कुछ-न-कुछ महिलाओं से जुड़े मामले सामने आते रहे हैं। ऐसे में सामने आ रही है एक स्मार्ट जींस।

Prabha Joshi
17 Mar 2023
Smart Bluetooth Jeans: दो छात्राओं ने बनाई महिला सुरक्षा से जुड़ी जींस

छात्राओं ने बनाई स्मार्ट जींस

Smart Bluetooth Jeans: मेरठ से महिलाओं के लिए एक सराहनीय खबर सामने आ रही है। मेरठ की नीलम सिंह के गाइडेंस में दिल्ली के मैक्सफोर्ट स्कूल की दो छात्राओं रिद्धिमा दयाल और कशिश के संयुक्त प्रयास से महिलाओं की सुरक्षा के लिए स्मार्ट ब्लूटूथ जींस का प्रोटोटाइप तैयार किया गया है। रिद्धिमा दयाल और कशिश कक्षा 11 की छात्राएं हैं।

महिला सुरक्षा से जुड़ी है स्मार्ट ब्लूटूथ जींस

मैक्सफोर्ट स्कूल की दो छात्राओं रिद्धिमा दयाल और कशिश की स्मार्ट ब्लूटूथ जींस एक तरह का सुरक्षा उपकरण है। ये जींस महिला को अपने संबंधियों से जोड़े रखेगी। स्मार्ट ब्लूटूथ जींस महिला को उसके परिजनों, दोस्तों व पुलिस के साथ जोड़े रखेगी। इस डिवाइस से महिला की लोकेशन भी ट्रैक हो सकेगी।

हमने एंटी रेप ब्लूटूथ जींस खास कर उन महिलाओं के लिए बनाया है जो जॉब करतीं है और घर जाते समय कभी-कभी रात हो जाती है। ऐसे में हमारी जींस डिवाइज उन महिलाओं की मदद करने के साथ उनके आत्म विश्वास को भी बढ़ाता है कि अगर कभी किसी वजह से घर जाते वक्त सुनसान जगह पर कोइ महिला छेड़छाड़ का शिकार होती है तो जींस डिवाइस सुरक्षा के साथ उनको एक ताकत प्रदान करती है। —रिद्धिमा दयाल और कशिश

क्या है स्मार्ट ब्लूटूथ जींस

छात्राओं की मानें तो दरअसल महिला सुरक्षा से जुड़ी स्मार्ट ब्लूटूथ जींस में एक तरह की ब्लूटूथ डिवाइस है जो जींस के बटन में लगी है। इस जींस में एक तरह की ब्लूटूथ डिवाइस होगी जो नेनो आकार की है। ये डिवाइस इतनी पोर्टेबल है कि इसे जींस को धोते समय हटाया भी जा सकता है। स्मार्ट ब्लूटूथ डिवाइस सीधे महिला के मोबाइल से कनेक्ट रहेगी। जब भी कोई कठिन परिस्थिति आती है इस डिवाइस में लगे बटन को महिला दबाएगी। इस बटन में लोकेशन के साथ सेट 3 नंबर पर कॉल और लोकेशन सेंड हो जाएगी। ये सीधा-सीधा संकेत होगा कि महिला किसी कठिन परिस्थिति में है। इस तरह महिला की समय रहते मदद हो जाएगी। बैटरी से चार्ज होने वाली इस डिवाइस का बैटरी बैकअप बहुत अच्छा है। मात्र एक घंटे के रिचार्ज में ये हफ्तेभर काम दे सकेगी।

मालूम हो महिलाओं के प्रति आए-दिन कुछ न कुछ मामले सामने आते रहे हैं। जितनी तेजी से घटना घटती है उतनी तेजी से उसका निस्तारण नहीं होता। महिलाओं के साथ आए दिन हिंसा, रेप और अभद्रता जैसे मामले सामने आते रहे हैं। कई बार महिलाओं की शिकायत भी दर्ज करने में बहुत अड़चने देखी गई हैं। ऐसे में इस तरह की डिवाइस महिलाओं की सुरक्षा के लिए मददगार होगी।

अगला आर्टिकल