Who Is Renuka Jagtiani: ग्लैमर और शोहर से परे, व्यापार जगत में भी भारत लगातार अपनी धाक जमा रहा है। फोर्ब्स की 2024 की ताजा रिपोर्ट दुनियाभर के अरबपतियों की तस्वीर पेश करती है, जिसमें इस साल भारत से 25 नए नाम शामिल हुए हैं। इनमें से एक प्रमुख नाम है - रेनुका जगतियानी। दुबई स्थित रिटेल दिग्गज लैंडमार्क ग्रुप की चेयरमैन के रूप में, रेणुका जगतियानी ने ना सिर्फ व्यापार जगत में अपना लोहा मनवाया है, बल्कि 4.8 बिलियन डॉलर की कुल संपत्ति के साथ फोर्ब्स की अरबपतियों की प्रतिष्ठित सूची में भी शामिल हो गई हैं।
यह उपलब्धि रेनुका जगतियानी के दृढ़ संकल्प, दूरदर्शिता और व्यापार कौशल का प्रमाण है। उनकी कहानी न केवल प्रेरणादायक है, बल्कि यह भारतीय महिला उद्यमिता की सफलता गाथा का एक नया अध्याय भी लिखती है। फोर्ब्स की 2024 की नई अरबपतियों की सूची में दुनिया भर में कुल 2,781 अरबपति शामिल हैं, जिनमें रेनुका जगतियानी 660वें स्थान पर हैं। तो आइए जानते हैं कि रैनुका जगतियानी कौन हैं?
रेनुका जगतियानी के बारे में
रेनुका जगतियानी दुबई स्थित रिटेल दिग्गज लैंडमार्क ग्रुप की चेयरमैन हैं। इसकी स्थापना उनके दिवंगत पति मिकी जगतियानी ने 1973 में की थी, जिनका मई 2023 में निधन हो गया।
बहुराष्ट्रीय समूह लैंडमार्क की शुरुआत बहरीन में एक स्टोर के रूप में हुई थी और अब यह रिटेल, हॉस्पिटलिटी, फूड और लीजर सेक्टरों में 25 से अधिक अपने स्वयं के ब्रांडों का दावा करता है। लैंडमार्क के मध्य पूर्व, अफ्रीका, दक्षिण पूर्व एशिया और भारतीय उपमहाद्वीप में फैले 24 देशों में 2,200 से अधिक स्टोर हैं।
70 वर्षीय रेनुका जगतियानी ने मुंबई विश्वविद्यालय से अपनी स्नातक की डिग्री प्राप्त की है। लिंक्डइन के अनुसार, वह 1993 में हाई-स्ट्रीट फैशन ब्रांड स्पलैश को बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती थीं।
उन्हें जनवरी 2007 में आउटस्टैंडिंग एशियन बिजनेस वुमन ऑफ द ईयर चुना गया था और उन्हें जनवरी 2012 में बिजनेसवुमन ऑफ द ईयर से सम्मानित किया गया था। 2014 में, उन्हें वर्ल्ड एंटरप्रेन्योरशिप फोरम द्वारा एंटरप्रेन्योर ऑफ द वर्ल्ड ईयर से सम्मानित किया गया। इसके बाद, जनवरी 2015 में उन्हें स्ट्रैटेजिक लीडर ऑफ द ईयर और जनवरी 2016 में उन्हें कैप्टन ऑफ द इंडस्ट्री अवार्ड से सम्मानित किया गया। उन्हें 2017 में वर्ल्ड रिटेल कांग्रेस के हॉल ऑफ फ़ेम में शामिल किया गया था। बता दें की उनके तीन बच्चे हैं - आरती, निशा और राहुल - जो लैंडमार्क में ग्रुप डायरेक्टर्स के रूप में कार्य करते हैं।
अपने दूरदर्शी नेतृत्व और व्यावसायिक कौशल के साथ, रेणुका जगतियानी ने लैंडमार्क ग्रुप को एक वैश्विक दिग्गज बना दिया है। वह न केवल भारत की बल्कि विश्व की सफल व्यापारियों में से एक मानी जाती हैं।