Home Remedies For Burning Eyes: आंखों की जलन से बचाएंगे यह घरेलू उपाय

Swati Bundela
25 Oct 2022
Home Remedies For Burning Eyes: आंखों की जलन से बचाएंगे यह घरेलू उपाय Home Remedies For Burning Eyes: आंखों की जलन से बचाएंगे यह घरेलू उपाय

आजकल ज्यादातर लोगों को आंखों में जलन की समस्या या आंखों से जुड़ी अन्य समस्याएं होती है। यह समस्या है काफी आम होती जा रही है। इसमें आंखों में जलन होना, आंखों से पानी आना और आंखो का सूज जाना काफी आम हो गया है। जिन लोगों को यह सब समस्या है उनके लिए इन त्योहारों के दिनों में पटाखों के धुएं के कारण आंखों में दिक्कतें और भी बढ़ सकती हैं। आंखें हमारे शरीर का बहुत ही नाजुक और महत्वपूर्ण हिस्सा है। इनमें होने वाली समस्याओं को हमें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। आइए जानते हैं कुछ ऐसे घरेलू उपाय के बारे में जिनकी मदद से आप को आंखों की इन समस्याओ में राहत मिल सकती है।

1. आंखों को ठंडे पानी से धोएं

जब भी आपको आंखों में इनमें से कोई भी समस्या होती है आपको तुरंत आंखों को ठंडे पानी से धोना चाहिए। इसके अलावा आप एक बर्फ का टुकड़ा लेकर भी अपनी आंखों को सेक सकते हैं। ऐसा करने से आंखों को काफी राहत मिलती है और अगर उन में सूजन की दिक्कत है तो वह भी कम होती है। धूल, मिट्टी और प्रदूषण के कारण भी आंखों में जलन, सूजन और पानी आने की दिक्कत होती है ठंडे पानी से आंखों से धूल मिट्टी दूर होती है।

2. आंखों पर खीरा लगाएं

खीरे की तासीर ठंडी होती है और आंखों पर अगर आप खीरा लगाते हैं तो यह आपकी आंखों को भी ठंडा करता है। ना सिर्फ खीरा लगाने से बल्कि खीरा खाने से भी आपकी आंखों की बहुत सी समस्याएं ठीक होती हैं। खीरे में फ्लेवनॉयड्स और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं जो हमारी आंखों की समस्याओं को दूर करने में सहायक होते हैं।

3. एलोवेरा से कम होती है आंखों की सूजन

अगर आपको आंखों में सूजन या जलन की समस्या है तो एलोवेरा जेल लगाने से यह समस्या कम होती है। यह आपकी आंखों को ठंडक पहुंचाता है। एलोवेरा जेल का इस्तेमाल करने के लिए आप पानी में एक से दो चम्मच एलोवेरा जेल अच्छे से मिक्स करें। अब एक कॉटन की मदद से इस मिक्सचर को अपनी आंखों पर लगाए। यह आंखों से जलन और सूजन की समस्या में राहत दिलाएगा।

4. ग्रीन टी है बहुत मददगार

ग्रीन टी में एंटीबैक्टीरियल गुण पाए जाते हैं। ग्रीन टी का सेवन करने से आपको आंखों में सूजन और जलन की समस्या से राहत मिलेगी। ना सिर्फ ग्रीन टी पीने से बल्कि ग्रीन टी का टी बैग आंखों पर लगाने से भी आपको आंखों की समस्याओं से राहत मिलती है साथ ही आंखों के नीचे के काले घेरे भी कम होते हैं। टी बैग का इस्तेमाल करने के बाद उसे निकाल कर फ्रिज में थोड़ी देर के लिए रखें और ठंडा होने पर उसे अपनी आंखों के ऊपर इस्तेमाल करें।

5. गाजर, पालक और चुकंदर का सूप

गाजर पालक और चुकंदर को मिलाकर सूप बनाकर पीने से यह आंखों की बहुत सी समस्याओं से राहत दिलाता है। दिन में कम से कम 2 बार इस सूप का सेवन अवश्य करें। बेहतर टेस्ट के लिए आप चाहे तो इसमें नींबू भी मिला सकते हैं। यह सूप पीने से आपकी आंखों के समस्याओं में जल्द ही राहत मिलती है।

अगला आर्टिकल