/hindi/media/media_files/w4m25jVG9AaqE24uXORx.png)
What to do to avoid diseases in monsoon: मानसून का मौसम जहां एक ओर राहत और ठंडक लेकर आता है, वहीं दूसरी ओर इस मौसम में कई प्रकार की मौसमी बीमारियों के होने का खतरा बना रहता है। मानसून में बारिश के कारण वातावरण में नमी बढ़ जाती है, जिससे बैक्टीरिया और वायरस पनपने लगते हैं। इसके साथ ही मच्छरों की संख्या भी तेजी से बढ़ती है, जिससे डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसे रोगों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। ऐसे में इस मौसम में विशेष सावधानी बरतना बेहद जरूरी हो जाता है ताकि आप और आपके परिवार के लोग स्वस्थ रह सकें। आइए इस आर्टिकल में जानते है कैसे आप इस मानसून बीमारियों से बचे रह सकते है?
मानसून में बीमारियों से बचने के लिए क्या करें?
1. खाने-पीने में साफ-सफाई का रखें ध्यान
मानसून में भोजन जल्दी खराब होता है क्योंकि इस मौसम में फंगस लगने की संभावना अधिक होती है। इसलिए घर का बना ताजा और गर्म खाना खाएं। सड़क किनारे मिलने वाले खुले खाद्य पदार्थों से परहेज़ करें। कटे हुए फल, चाट, पानीपुरी जैसी चीज़ें संक्रमित पानी और गंदे हाथों से तैयार हो सकती हैं। पीने का पानी उबालकर पिएं या फिल्टर का प्रयोग जरूर से करें।
2. भीगने से बचें और कपड़े तुरंत बदलें
बारिश में भीगना तो बहुत लोगों को पसन्द होता है लेकिन इसके कारण शरीर का तापमान अचानक गिरता है जिससे सर्दी-जुकाम या बुखार हो सकता है। यदि कभी बारिश में भीगना पड़ जाए, तो तुरंत सूखे कपड़े पहनें और शरीर को गर्म रखें। बालों को भी अच्छे से सुखाना बहुत जरूरी है, क्योंकि गीले बालों से सिरदर्द और संक्रमण का खतरा बढ़ता है।
3. मच्छरों से बचाव करें
मानसून में पानी जमा होने से मच्छरों की तादाद तेजी से बढ़ जाती है। घर के आसपास पानी न जमने दें। फूलदान, कूलर, बाल्टी आदि को समय समय पर साफ करते रहें। मच्छरदानी, मच्छर भगाने वाली क्रीम या स्प्रे का प्रयोग करें। खिड़कियों पर जाली लगवाएं और रात को पूरी बांह के कपड़े पहनें।
4. शरीर की इम्यूनिटी को मजबूत बनाए रखें
इम्यून सिस्टम मजबूत होगा तो शरीर खुद ही कई बीमारियों से लड़ सकेगा। ऐसे में विटामिन सी युक्त फल जैसे नींबू, आंवला, संतरा खाएं। तुलसी, हल्दी, अदरक और शहद जैसे प्राकृतिक तत्व भी इम्युनिटी को बढ़ाते हैं। पर्याप्त नींद और हल्का-फुल्का व्यायाम भी शरीर को मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध होगा।
5. त्वचा और पैरों की खास देखभाल करें
मानसून में फंगल इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है, खासकर पैर और स्किन फोल्ड्स में। गीले जूते पहनने से बचें और पैरों को सूखा रखें। बंद जूते की जगह सैंडल या चप्पल पहनना बेहतर होता है। नहाने के बाद त्वचा को अच्छी तरह से सुखाएं और ऐंटीफंगल पाउडर का जरूर से प्रयोग करें।
इस प्रकार आप इस मानसून बीमारियों और संक्रमणों से खुद को बचा कर इस सुहाने मौसम का मजा ले सकते है।