/hindi/media/media_files/2025/04/02/EfCEBLhsCfAYjYa0z1pb.png)
Photograph: (Vandana Katariya/ Instagram)
Hockey Player Vandana Katariya Bids Adieu: 15 साल के शानदार करियर के बाद हॉकी की दिग्गज खिलाड़ी वंदना कटारिया ने इंटरनेशनल लेवल पर संन्यास ले लिया है। यह खबर उनके फैंस को मायूस कर सकती है क्योंकि अब अंतरराष्ट्रीय मैदान पर वह उन्हें देख नहीं पाएंगे। उनकी गेम को देखना अपने आप में ही एक अलग अनुभव है। उन्होंने यह फैसला तब लिया जब वह अपने करियर में सबसे टॉप पर हैं और उन्होंने संन्यास की वजह भी इस बात को ही बताया। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें सराहना पत्र भेजा जिसके लिए वंदना ने आभार व्यक्त किया है। चलिए पूरी खबर जानते हैं
हॉकी की दिग्गज खिलाड़ी Vandana Katariya ने लिया संन्यास, प्रधानमंत्री ने भेजा सराहना पत्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी वंदना कटारिया को सराहना पत्र भेजा क्योंकि उन्होंने अब इंटरनेशनल हॉकी से संन्यास ले लिया है। गुरुवार को भावपूर्ण पत्र प्राप्त करने के बाद उन्होंने PM के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री मोदी ने इस पत्र में उनके टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व करने और शानदार करियर की सराहना की।
उन्होंने लिखा, "माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा मेरे हॉकी करियर और संन्यास पर सराहना पत्र प्राप्त करना मेरे लिए गर्व का क्षण है। यह सम्मान पाकर अभिभूत हूं। यह स्नेह और प्रोत्साहन मेरे लिए हमेशा प्रेरणा रहेगा। धन्यवाद प्रधानमंत्री जी।"
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा मेरे हॉकी करियर और संन्यास पर सराहना पत्र प्राप्त करना मेरे लिए गर्व का क्षण है। यह सम्मान पाकर अभिभूत हूं। यह स्नेह और प्रोत्साहन मेरे लिए हमेशा प्रेरणा रहेगा। धन्यवाद प्रधानमंत्री जी।@pmoindia , @narendramodi , @thehockeyindiapic.twitter.com/ugvLAtavk6
— Vandana Katariya(VK) (@VandanaHockey16) April 17, 2025
जीवन की नई पारी के लिए हार्दिक शुभकामनाएं: PM मोदी
PM मोदी ने पत्र में लिखा, "भारतीय महिला हॉकी टीम की एक बेह्तरीन खिलाड़ी के रूप में आपका करियर उपलब्धियों से भरा रहा है। जीवन की नई पारी के लिए हार्दिक शुभकामनाएं! आपने देशवासियों को गौरव के अनेक अवसर दिए और अनेक अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर भारतीय ध्वज को ऊंचा रखने में बड़ा योगदान दिया।"
जानें उनके रिकॉर्ड ब्रेकिंग करियर के बारे में
2020 टोक्यो ओलंपिक में चौथे स्थान पर रहने वाली भारतीय हॉकी टीम में शामिल वंदना कटारिया ने इंटरनेशनल हॉकी को गुड बाय बोल दिया है। उन्होंने अपनी रिटायरमेंट के बारे में इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर बताया।
वंदना ने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, "आज, भारी लेकिन आभारी दिल के साथ, मैं अंतरराष्ट्रीय हॉकी से अपने संन्यास की घोषणा कर रही हूं - यह एक ऐसा फैसला है जो कड़वाहट भरा और सशक्त करने वाला दोनों है। मैं इसलिए नहीं जा रहीं क्योंकि मेरे अंदर की आग फीकी पड़ गई है बल्कि इसलिए कि मैं अपने सबसे अच्छे समय में रुकना चाहती हूं। मैं अभी भी अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में हूं। यह थकान की वजह से नहीं, बल्कि अपनी मर्जी से इंटरनेशनल स्टेज से सिर ऊंचा रखकर और जोश के साथ विदाई है। भीड़ की आवाज, हर गोल की खुशी और भारत के लिए खेलने का गर्व हमेशा मेरे दिल में रहेगा।"
ओलंपिक में हैट्रिक लगाने वाली पहली भारतीय महिला
वंदना का हॉकी में करियर बहुत विशाल है। उन्होंने भारत के लिए अपना आखिरी मैच फरवरी में FOH प्रो लीग 2024-25 के लिए खेला। अपने करियर में वंदना ने 320 मैच खेले और 158 गोल अपने नाम किए। 2020 टोक्यो ओलंपिक में उन्होंने हैट्रिक लगाई और ऐसा करने वाली वह पहली और अकेली महिला हैं। 2021 में उन्हें 'अर्जुन अवार्ड' और 2022 में उन्हें 'पद्म श्री' अवार्ड से सम्मानित किया गया।
शानदार करियर
हरिद्वार की यह खिलाड़ी फॉरवर्ड पोजीशन पर खेलती हैं। वह भारत के इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली महिला हॉकी खिलाड़ी के रूप में रिटायर हुई हैं। उन्होंने अपना करियर 2009 में शुरू किया जब सीनियर टीम में उन्हें सिलेक्ट किया गया। वंदना भारतीय हॉकी टीम के लिए इंटरनेशनल लेवल पर हमेशा ही उपलब्ध रही हैं। इसके साथ ही हमेशा ही बेहतरीन स्किल के साथ टीम में बढ़िया प्रदर्शन किया है। वंदना 2022 बर्मिंघम 'कॉमनवेल्थ गेम्स' का भी हिस्सा रहीं जब टीम ने ब्रॉन्ज मेडल जीता था। इसके साथ ही एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी और एशियाई गेम्स में वंदना ने अपने खेल के जौहर दिखाएं हैं। उन्होंने जूनियर वर्ल्ड कप 2013 में पांच गोल किए और टीम ने ब्रॉन्ज मेडल जीता।