/hindi/media/media_files/k6AZ1cg1m7iTzDBZnXej.png)
File Image
5 Tips To Avoid Weight Gain After Menopause: मेनोपॉज महिलाओं के जीवन में में होने वाला एक अहम बदलाव है जिससे कई शारीरिक और हार्मोनल परिवर्तन होते हैं। इस दौरान शरीर का मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है और वजन बढ़ने की संभावना अधिक हो जाती है। पेट, जांघों और कमर के आसपास चर्बी जमा होने लगती है, जिससे फिट रहना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। हालांकि, सही जीवनशैली और कुछ महत्वपूर्ण आदतों को अपनाकर आप इस समस्या से बच सकती हैं। जानिए 5 टिप्स जो आपको मेनोपॉज के बाद वजन बढ़ने से बचाने में मदद करेंगे।
मेनोपॉज के बाद वजन बढ़ने से रोकेंगे ये 5 उपाय
1. संतुलित आहार
मेनोपॉज के बाद शरीर को ज्यादा पोषण की जरूरत होती है, लेकिन मेनोपॉज के बाद ज्यादा कैलोरी वाला भोजन आपको नहीं करना चाहिए। आप खाने में ताजे फल, हरी सब्जियां, साबुत अनाज, प्रोटीन और हेल्दी फैट को शामिल कर सकती हैं। कार्बोहाइड्रेट और तले-भुने खाद्य पदार्थों से बचने की कोशिश करें क्योंकि यह वजन बढ़ाने का मुख्य कारण बन सकते हैं। साथ ही शराब और कैफ़ीन का सेवन भी कम करें या बिल्कुल ना करें। फाइबर युक्त भोजन पाचन क्रिया को सुधारता है और भूख को नियंत्रित रखता है।
2. नियमित रूप से व्यायाम करें
शरीर को एक्टिव बनाए रखना वजन को नियंत्रित रखने का सबसे प्रभावी तरीका है। मेनोपॉज के बाद हल्की कार्डियो एक्सरसाइज जैसे वॉकिंग, साइकलिंग या योग करना बेहद फायदेमंद होता है। मांसपेशियों को मजबूत बनाए रखने के लिए स्ट्रेंथ ट्रेनिंग भी जरूरी है, क्योंकि यह मेटाबॉलिज्म को तेज करने में मदद करता है। रोजाना कम से कम 30-40 मिनट व्यायाम करने से शरीर में अतिरिक्त चर्बी जमा नहीं होती और फिटनेस बनी रहती है।
3. मीठे और प्रोसेस्ड फूड से दूरी बनाएं
शुगर और प्रोसेस्ड फूड्स न सिर्फ वजन बढ़ाते हैं, बल्कि शरीर के हार्मोनल संतुलन पर भी प्रभाव डालते हैं। पैकेज्ड फूड, सॉफ्ट ड्रिंक्स, केक, पेस्ट्री और ज्यादा मीठी चीज़ों से दूरी बनाकर रखें। इनकी जगह आप नेचुरल शुगर वाले फूड्स जैसे फल और ड्राई फ्रूट्स का सेवन करें। अगर कुछ मीठा खाने का मन करता है तो आप गुड़, शहद या खजूर अपने खाने में शामिल कर सकतीं हैं।
4. नींद पूरी लें और स्ट्रेस से बचें
मेनोपॉज के बाद हार्मोनल बदलाव के कारण नींद पर ज्यादा असर पड़ता है, जिससे वजन बढ़ने की संभावना बढ़ जाती है। पूरी और अच्छी नींद न मिलने पर भूख बढ़ाने वाले हार्मोन सक्रिय हो जाते हैं, जिससे बार-बार खाने की इच्छा होती है। रोजाना कम से कम 7-8 घंटे की नींद लेना जरूरी है। इसके साथ ही स्ट्रेस से बचने के लिए ध्यान (Meditation), ब्रीदिंग एक्सरसाइज और मन को शांति देने वाले काम आप कर सकती हैं।
5. ज्यादा पानी पीएं
मेनोपॉज के बाद शरीर में पानी की सही मात्रा बनाए रखना बेहद जरूरी है। पानी शरीर से टॉक्सिक पदार्थों को बाहर निकालने और मेटाबॉलिज्म को सक्रिय रखने में मदद करता है। दिनभर में कम से कम 8-10 गिलास पानी पिएं। साथ ही आप नारियल पानी, हर्बल टी या डिटॉक्स ड्रिंक्स का सेवन कर सकती हैं, ये आपकी बॉडी को पर्याप्त हाइड्रेशन देता है और इससे भूख पर भी नियंत्रण रहता है।
Disclaimer: इस प्लेटफॉर्म पर मौजूद जानकारी केवल आपकी जानकारी के लिए है। हमेशा चिकित्सा या स्वास्थ्य संबंधी निर्णय लेने से पहले किसी एक्सपर्ट से सलाह लें।