/hindi/media/media_files/2025/03/22/KpUxJVhnKFjCVdL1GlMt.png)
Photograph: (Hello travel)
5 Most Beautiful Places Of Bihar: बिहार दिवस हर साल 22 मार्च को मनाया जाता है, जो इस ऐतिहासिक राज्य के गौरव और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है। बिहार न केवल भारत के इतिहास और आध्यात्मिकता का केंद्र रहा है, बल्कि अपनी अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक धरोहरों के लिए भी प्रसिद्ध है। यहां के मंदिर, गुफाएं, जलप्रपात और वास्तुकला के अद्भुत चीजें पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं। आइये जानते हैं बिहार की पांच सबसे खूबसूरत जगहों के बारे में, जो अपनी ऐतिहासिक और प्राकृतिक विशेषताओं के कारण विशेष महत्व रखती हैं।
Bihar Diwas पर जानिए बिहार की 5 सबसे खूबसूरत जगहों के बारे में
महाबोधि मंदिर, बोधगया
महाबोधि मंदिर, बिहार की सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों में से एक है। यह वही स्थान है जहां भगवान बुद्ध को ज्ञान प्राप्त हुआ था। मंदिर की वास्तुकला अद्वितीय है और इसे यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर स्थल घोषित किया गया है। मंदिर के आसपास बोधिवृक्ष, ध्यान कक्ष और अन्य ऐतिहासिक स्मारक हैं, जो इसे और भी खास बनाते हैं। यहां हर साल लाखों श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं, खासकर बौद्ध धर्म के अनुयायी, जो इस स्थान को पवित्र मानते हैं।
नालंदा विश्वविद्यालय के खंडहर
प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय भारत की गौरवशाली शिक्षा प्रणाली का प्रतीक है। यह विश्वविद्यालय 5वीं शताब्दी में स्थापित किया गया था और विश्व के पहले आवासीय विश्वविद्यालयों में से एक था। यहां हजारों छात्र भारत और विदेशों से आकर अध्ययन करते थे। हालांकि 12वीं शताब्दी में इसे नष्ट कर दिया गया था, लेकिन इसके खंडहर आज भी इसकी भव्यता और ऐतिहासिक महत्व को दर्शाते हैं। नालंदा के संग्रहालय में प्राचीन मूर्तियां और अवशेष देखने को मिलते हैं, जो इतिहास प्रेमियों को आकर्षित करते हैं।
राजगीर की प्राकृतिक सुंदरता
राजगीर अपनी पहाड़ियों, गर्म पानी के कुंडों और ऐतिहासिक महत्व के लिए प्रसिद्ध है। यह शहर कभी मगध साम्राज्य की राजधानी था और यहां भगवान बुद्ध और महावीर दोनों आए थे। वेणुवन, गृद्धकूट पर्वत और विश्व शांति स्तूप जैसे स्थान यहां की प्राकृतिक सुंदरता में चार चांद लगाते हैं। राजगीर में रोपवे की यात्रा भी एक अनूठा अनुभव प्रदान करती है, जिससे पर्यटक पहाड़ियों की अद्भुत दृश्यावली का आनंद ले सकते हैं।
विक्रमशिला विश्वविद्यालय
बिहार का विक्रमशिला विश्वविद्यालय, नालंदा के बाद भारत का दूसरा सबसे महत्वपूर्ण बौद्ध शिक्षा केंद्र था। इसे पाल वंश के राजा धर्मपाल ने 8वीं शताब्दी में स्थापित किया था। यहां बौद्ध धर्म, तंत्र विद्या और अन्य विषयों की पढ़ाई होती थी। अब इसके अवशेष ही बचे हैं, लेकिन उनकी भव्यता अभी भी देखने लायक है। गंगा नदी के किनारे स्थित यह स्थल न केवल ऐतिहासिक महत्व रखता है, बल्कि प्राकृतिक सौंदर्य से भी भरपूर है।
वाल्मीकि राष्ट्रीय उद्यान
बिहार में वन्यजीव प्रेमियों के लिए वाल्मीकि राष्ट्रीय उद्यान एक अद्भुत जगह है। यह नेपाल की सीमा से सटा हुआ है और यहां बाघ, गैंडे, हिरण, हाथी और कई पक्षी प्रजातियां पाई जाती हैं। यह बिहार का एकमात्र टाइगर रिजर्व भी है। घने जंगल, बहती नदियां और हरी-भरी घाटियां इसे एक परफेक्ट ईको-टूरिज्म डेस्टिनेशन बनाती हैं। यहां सफारी का आनंद लेते हुए पर्यटक वन्यजीवों को करीब से देख सकते हैं, जिससे यह स्थान प्रकृति प्रेमियों के लिए स्वर्ग समान बन जाता है।