3 Simple Ways to Take Good Care of Yourself: हर दिन की भागदौड़ और जिम्मेदारियों के बीच हम अक्सर सबसे जरूरी चीज़ भूल जाते हैं - खुद की देखभाल। घर, काम और दूसरों की चिंता करते-करते हम अपनी ज़रूरतों को नजरअंदाज़ करने लगते हैं। लेकिन जब तक हम खुद को ठीक से समय नहीं देंगे, तब तक न तो हमारी सेहत ठीक रहेगी और न ही हम दूसरों का साथ अच्छे से निभा पाएंगे। खुद की केयर का मतलब सिर्फ महंगे स्पा या छुट्टियों पर जाना नहीं होता। यह छोटी-छोटी आदतों से शुरू होता है जैसे समय पर खाना, नींद पूरी करना और खुद के लिए कुछ वक्त निकालना। ये आसान सी चीज़ें ही हमारे शरीर और मन को हेल्दी बनाए रखने में मदद करती हैं।
खुद का अच्छे से ख्याल रखने के 3 आसान तरीके
आजकल की तेज़ रफ्तार ज़िंदगी में खुद का ख्याल रखना बहुत मुश्किल हो गया है। घर की जिम्मेदारियां, ऑफिस का प्रेशर, बच्चों की परवरिश और हर रोज़ के काम इन सबके बीच सबसे ज्यादा जो पीछे छूट जाता है, वो है हम खुद। अक्सर ऐसा होता है कि एक मां, एक पत्नी या एक बेटी के रूप में हम दूसरों के लिए तो सब कुछ करते हैं, लेकिन खुद के लिए कुछ नहीं। थकान, चिड़चिड़ापन, नींद न आना या बार-बार बीमार पड़ना ये सब इसी का नतीजा होता है। लेकिन अगर हम थोड़ी-सी समझदारी और प्यार से खुद के लिए समय निकालें, तो ये मुश्किलें कम हो सकती हैं।
पहला तरीका है रोज़ाना थोड़ी देर खुद के साथ समय बिताना। यह जरूरी नहीं कि आप घंटों अकेले बैठें। सिर्फ 15-20 मिनट का वक्त अपने लिए निकालिए। इस समय में आप कुछ भी कर सकते हैं-चाहें तो किताब पढ़ें, वॉक पर जाएं या बस शांति से चाय पिएं। यह छोटा-सा ब्रेक आपके मन और दिमाग को फ्रेश करने में मदद करेगा।
दूसरा तरीका है अपने शरीर की ज़रूरत को समझना। कई बार हम काम में इतने व्यस्त हो जाते हैं कि खाना या पानी तक भूल जाते हैं। या फिर जो मिला वो खा लिया। लेकिन ये आदत धीरे-धीरे हमारी सेहत को खराब करती है। कोशिश करें कि समय पर खाना खाएं खूब पानी पिएं और नींद पूरी करें। अगर आप खुद को स्वस्थ रखेंगे तभी दूसरों की देखभाल अच्छे से कर पाएंगे।
तीसरा और बहुत जरूरी तरीका है ना कहना सीखना। कई बार हम हर किसी की मदद करना चाहते हैं और हर काम हां में लेते हैं। लेकिन इससे हमारी थकान बढ़ जाती है और हम खुद पर ध्यान नहीं दे पाते। जरूरी नहीं कि हर बार सबको खुश किया जाए। अगर आप थके हुए हैं या किसी चीज़ में मन नहीं है, तो साफ-साफ मना करना सीखिए। ये आपकी मेंटल हेल्थ के लिए बहुत जरूरी है।
हर घर में ये बातें आम होती हैं हर कोई कहता है तू थोड़ा आराम कर लेकिन करने वाला कोई नहीं होता। इसलिए शुरुआत खुद से करनी होगी। जब आप खुद का ख्याल रखेंगे तभी आप सच में खुश और हेल्दी महसूस करेंगे।