/hindi/media/media_files/2025/01/29/QhPAc3mQBLS88k4BDjz6.png)
Photograph: (pinterest )
Commitment Fear In Relationship: कई लोग प्यार और रिश्तों को जिंदगी का अहम हिस्सा मानते हैं, लेकिन कुछ लोग सीरियस रिलेशनशिपमें जाने से घबराते हैं। इसे "कमिटमेंट फोबिया" कहा जाता है, जो मेंटल और इमोशनल लेवल पर अनिश्चितता, डर और असहजता का कारण बनता है। यह समस्या समाज में तेजी से बढ़ रही है, खासकर युवाओं में। लेकिन सवाल यह है कि आखिर कुछ लोग सीरियस रिलेशनशिप से क्यों डरते हैं? इसके पीछे कई कारण हैं, जो उनके पास्ट, मेंटलिटी और पर्सनल एक्सपीरियंस से जुड़े होते हैं। आइए जानते हैं कि कमिटमेंट से डरने वाले लोगों की मुख्य वजहें क्या हो सकती हैं।
कुछ लोग सीरियस रिलेशनशिप से क्यों डरते हैं?
पास्ट के बुरे अनुभव
कई लोग अपने पिछले रिलेशनशिप में मिले धोखे, इमोशनल प्रॉब्लम या विश्वासघात के कारण नए रिश्ते में खुद को पूरी तरह से समर्पित करने से डरते हैं। अगर किसी व्यक्ति को पहले प्यार में दर्द सहना पड़ा हो, तो वह अनजाने में अपने दिल को बचाने के लिए किसी नए रिश्ते में पूरी तरह से कमिट होने से बचता है। अतीत के गहरे जख्म उसे यह विश्वास दिलाते हैं कि गंभीर रिश्ते में पड़ना फिर से दर्दनाक हो सकता है, जिससे वे दूरी बनाए रखना पसंद करते हैं।
स्वतंत्रता खोने का डर
कुछ लोग अपने अकेलेपन और स्वतंत्र लाइफस्टाइल से बहुत अधिक जुड़े होते हैं। वे अपने फैसले खुद लेने, अपनी पसंद के अनुसार जीवन जीने और किसी की जवाबदेही से मुक्त रहने को प्राथमिकता देते हैं। ऐसे में जब कोई रिश्ता उनकी स्वतंत्रता को सीमित करने लगता है, तो वे असहज महसूस करते हैं। उन्हें यह डर सताने लगता है कि गंभीर रिश्ते में बंधकर वे अपने सपनों, करियर और लाइफस्टाइल के साथ समझौता करने पर मजबूर हो जायेंगे।
जिम्मेदारियों से बचाव
गंभीर रिश्ते में कई जिम्मेदारियां भी आती हैं, जैसे कि अपने पार्टनर की भावनाओं को समझना, उनके साथ समय बिताना, उनकी जरूरतों का ख्याल रखना आदि। कुछ लोग इन जिम्मेदारियों को निभाने के लिए तैयार नहीं होते या फिर उन्हें बोझ समझते हैं। वे चाहते हैं कि उनका जीवन आसान और कम तनावपूर्ण रहे, इसलिए वे कमिटमेंट से दूरी बनाए रखते हैं।
परिवार और समाज का दबाव
कई बार परिवार और समाज की अपेक्षाएं भी कमिटमेंट फोबिया का कारण बनती हैं। कुछ लोग पारिवारिक जिम्मेदारियों, परंपराओं या शादी से जुड़ी कठिनाइयों के कारण सीरियस रिलेशनशिप में पड़ने से हिचकिचाते हैं। अगर किसी व्यक्ति के माता-पिता का रिश्ता सफल नहीं रहा हो, तो वह खुद भी कमिटमेंट से डर सकता है। साथ ही, शादी और लॉन्ग-टर्म रिलेशनशिप को लेकर समाज द्वारा बनाए गए दबाव भी व्यक्ति को असमंजस में डालते हैं।
आत्म-संदेह और आत्मविश्वास की कमी
कई लोग खुद पर पूरा भरोसा नहीं कर पाते कि वे एक रिश्ते को अच्छे से निभा पाएंगे या नहीं। आत्म-संदेह और आत्मविश्वास की कमी के कारण वे यह सोचने लगते हैं कि वे अपने पार्टनर को खुश नहीं रख पाएंगे या फिर वे खुद इस रिश्ते में खुश नहीं रहेंगे। यह डर उन्हें किसी भी सीरियस रिलेशनशिप में जाने से रोकता है।